छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। नगर पालिका परिषद नौगांव के सफाई मित्रों ने सीएमओ को हटाने की मांग को लेकर सोमवार को अपना आंदोलन तेज कर दिया। दोपहर करीब एक बजे बड़ी संख्या में सफाई मित्र तहसील कार्यालय के सामने टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने सीएमओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन के विरोध में भी मुर्दाबाद के नारे लगाए।
धरने की सूचना मिलते ही प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। मौके पर नौगांव थाना, हरपालपुर थाना, अलीपुर थाना तथा लुगासी चौकी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन सफाई मित्र अपनी मांगों पर अडिग नजर आए।
गौरतलब है कि नगर पालिका के सफाई मित्र पिछले एक सप्ताह से हड़ताल पर हैं। हड़ताल के चलते नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कई वार्डों में कचरे के ढेर लग गए हैं, जिससे आम नागरिकों को दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बढ़ते कचरे के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।
धरने पर बैठे सफाई मित्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता और सीएमओ के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा। वहीं, प्रदर्शन शुरू होने के बाद भी प्रशासनिक अधिकारियों या जनप्रतिनिधियों की ओर से आंदोलनकारियों के साथ कोई ठोस वार्ता नहीं होने से गतिरोध बना हुआ है।




