टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। शहर के देहात थाना क्षेत्र स्थित गुरु हरिकिशन स्कूल को बदनाम करने और महिला शिक्षिकाओं की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से इंस्टाग्राम पर "एक्सपोज हरिकिशन स्कूल" नाम से कथित फर्जी आईडी संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर साइबर अपराध और आईटी एक्ट के तहत संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, स्कूल संचालक हरमिंदर कौर, प्राचार्य वर्षा झांम और उप-प्राचार्य रितु परमार ने आरोप लगाया है कि विद्यालय में पूर्व में कार्यरत कुछ शिक्षक सत्र के बीच में ही नौकरी छोड़कर चले गए थे। प्रबंधन का दावा है कि इन कर्मचारियों को उनके कार्यकाल के अनुसार वेतन का भुगतान किया जा चुका है और यदि कोई वैधानिक बकाया होगा तो नियमों के तहत उसका भुगतान भी किया जाएगा।
प्रबंधन का आरोप है कि रंजिश के चलते उक्त पूर्व कर्मचारियों द्वारा फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर स्कूल प्रबंधन और महिला शिक्षिकाओं के खिलाफ कथित रूप से फर्जी ऑडियो-वीडियो एवं अभद्र सामग्री प्रसारित की जा रही है। इससे न केवल विद्यालय की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है, बल्कि महिला शिक्षिकाओं को मानसिक प्रताड़ना और तनाव का सामना भी करना पड़ रहा है।
स्कूल प्रबंधन ने पुलिस अधीक्षक एवं देहात थाना पुलिस से मांग की है कि फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट संचालित करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ आईटी एक्ट और साइबर अपराध की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




