शिवपुरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा है कि कांग्रेस कहती थी कि तिजोरी खाली है लेकिन भाजपा सरकार की तिजोरी बहनों, किसानों युवाओं और गरीबों के लिए है।शिवपुरी जिले के पिछोर में शुक्रवार को आयोजित मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के राशि अंतरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय अक्सर कहा जाता था कि प्रदेश की तिजोरी खाली है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि प्रदेश की तिजोरी बहनों, किसानों, युवाओं और गरीबों के कल्याण के लिए है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में योजनाओं का पैसा बिचौलियों के बजाय सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीबों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर सीएम मोहन यादव की उपस्थिति में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत प्रदेश की 1.24 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में 1,831 करोड़ से अधिक की राशि तथा स्व-सहायता समूहों को 200 करोड़ से अधिक के ऋण का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया गया।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि यह उनके लिए संतोष का विषय है कि प्रदेश की करोड़ों बहनों को आर्थिक संबल मिल रहा है। लाड़ली बहना योजना केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। जब बहनें आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं, तो परिवार और समाज भी मजबूत होता है।

उन्होंने सभी लाड़ली बहनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों को उपलब्ध कराया जा रहा ऋण महिलाओं के लिए स्वरोजगार, उद्यमिता और आर्थिक आत्मनिर्भरता के नए अवसर तैयार करेगा।

सरकार का उद्देश्य महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें विकास की मुख्यधारा में नेतृत्वकारी भूमिका प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर मिले।