छतरपुर, विनोद मिश्रा। मोटे के महावीर मंदिर स्थित श्री संत शरीर महाराज आश्रम में 31 जुलाई से 9 अगस्त तक श्री राम महायज्ञ एवं श्री राम कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन का शुभारंभ 31 जुलाई को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। प्रतिदिन शाम 5 बजे से हरि इच्छा तक श्री राम कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए श्री रामदास नबोध जी महाराज ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन आश्रम के संस्थापक परम पूज्य रामलीन महंत श्री कमलेश बब्बा जू महाराज की पावन स्मृति एवं उनके संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महंत श्री कमलेश बब्बा जू महाराज का संकल्प था कि इस पावन स्थल पर प्रतिवर्ष सनातन हिंदू धर्म के प्रचार-प्रसार एवं समाज को धर्म से जोड़ने के लिए धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाए।
उन्होंने बताया कि श्री राम महायज्ञ के साथ आयोजित होने वाली श्री राम कथा का वाचन अंतरराष्ट्रीय कथा व्यास द्वारा किया जाएगा। कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, धर्म और संस्कृति का संदेश श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से इस दिव्य एवं भव्य धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।




