बांदा, अनवर रजा। आसमान से मंडराते हवाई हमले का खतरा, कानों को चीरता दो मिनट का चेतावनी सायरन और पल भर बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल, जैसे कोई युद्ध का मैदान, ऐसा नजारा देखने को मिला उत्तरप्रदेश के बांदा में, जहां सोमवार को मंडलीय जिला चिकित्सालय परिसर में आपातकालीन संकट से निपटने की प्रशासनिक मुस्तैदी और जनसुरक्षा को परखने का एक सजीव अभ्यास किया जा रहा था। सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026 के तहत हुए इस हाई-वोल्टेज रिहर्सल में जहां आम लोगों को संकट की घड़ी में खुद को सुरक्षित रखने के गुर सिखाए गए, वहीं धमाके और आगजनी के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर विभिन्न विभागों के आपसी तालमेल की भी कड़ी परीक्षा ली गई।
ये भी पढ़ें




आपको बता दें कि बांदा जनपद में संभावित हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और जनसुरक्षा की तैयारियों को परखने के लिए जिलाधिकारी अमित आसेरी की मौजूदगी में यह विशेष अभ्यास आयोजित हुआ। इस दौरान पुलिस, स्वास्थ्य और अग्निशमन समेत विभिन्न विभागों के समन्वय और किसी भी संकट पर त्वरित प्रतिक्रिया देने की क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया गया। मॉक ड्रिल की शुरुआत हवाई हमले की चेतावनी देने वाले तेज सायरन से हुई, जो लगातार दो मिनट तक गूंजता रहा। सायरन बजते ही पूर्व निर्धारित योजना के तहत अस्पताल परिसर और चिह्नित क्षेत्र में पूर्ण रूप से ब्लैक आउट कराया गया। खतरे का संकेत मिलते ही अस्पताल में मौजूद मरीजों, तीमारदारों, आम नागरिकों और चिकित्सालय स्टाफ ने तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचकर स्वयं को बचाने की प्रक्रिया का सटीक अभ्यास किया।
कुछ देर बाद ऑल क्लियर का सायरन बजते ही राहत एवं बचाव दल पूरी तत्परता से सक्रिय हो गए। अग्निशमन विभाग और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने हमले के बाद लगी आग पर काबू पाने, घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने और स्ट्रेचर व एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया। इसके साथ ही, हवाई हमले से ध्वस्त हुए भवन के मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन का भी बेहद जीवंत प्रदर्शन किया गया। इस संयुक्त मॉक एक्सरसाइज में पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन, विद्युत, नगर पालिका और परिवहन विभाग के साथ-साथ होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस, पीआरडी जवानों और आपदा मित्रों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभ्यास के समापन पर जिलाधिकारी अमित आसेरी ने आमजन से विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में चेतावनी सायरन बजने पर लोग बिल्कुल न घबराएं, किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन तथा नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।

















