भोपाल,जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज विधानसभा का एकदिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राजनीतिक माहौल काफी गरमाया हुआ नजर आ रहा है। सत्र से पहले प्रदेश के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त करने के लिए सरकार द्वारा किए गए प्रयासों में कांग्रेस ने लगातार बाधा डालने का काम किया है।


मंत्री सारंग ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्ष के नेता हमेशा महिला विरोधी मानसिकता के साथ काम करते रहे हैं और महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर राजनीति करते हैं। उन्होंने प्रियंका गांधी के ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ नारे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अब वह इस मुद्दे पर कहीं नजर नहीं आतीं। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी और सोनिया गांधी सहित विपक्ष के अन्य नेताओं पर भी बड़े फैसलों को रोकने की कोशिश करने का आरोप लगाया।


सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की तस्वीर और तकदीर बदलने के लिए जो बड़े कदम उठाए गए, उन्हें भी विपक्ष ने बाधित करने का प्रयास किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आज विधानसभा सत्र के दौरान इन मुद्दों को उठाया जाएगा और विपक्ष की भूमिका की निंदा की जाएगी।