छतरपुर, शिवम सोनी। बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मरतला नदी के पास रविवार सुबह करीब 7 बजे एक तेज रफ्तार अल्ट्रा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। भीषण सड़क हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार कार में सवार लोग राजगढ़ से सतना की ओर जा रहे थे। जैसे ही कार मरतला नदी के समीप पहुंची, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।


हादसे में अमरलाल टावर (50) निवासी गोपालपुरा थाना राजगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं चालक धंसी (32) एवं मोहर सिंह घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।


सूचना मिलते ही बमीठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।