सिवनी, सतीशचन्द्र। सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिरमंगनी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार भोपाल से मंडला जा रही एक यात्री बस सिरमंगनी गांव के पास सवारियां उतारने के लिए सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही लखनादौन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल लखनादौन पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार लखनादौन अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।




