छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के सूरजपुर गांव में अंधविश्वास का गंभीर मामला सामने आया है। 18 वर्षीय सीमा सिंह की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय करीब 15 दिनों तक झाड़-फूंक और तांत्रिकों के पास ले जाते रहे।


परिजनों के अनुसार शुरुआत में युवती को पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत थी। इलाज के बजाय परिवार ने इसे कथित प्रेत बाधा मानकर बृजपुरा, चंद्रनगर समेत कई स्थानों पर तांत्रिक अनुष्ठान कराए, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई।


गुलगंज में एक और तांत्रिक के पास ले जाते समय रास्ते में युवती की तबीयत अचानक गंभीर हो गई। इसके बाद परिजन उसे तत्काल गुलगंज अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया गया।


फिलहाल युवती जिला अस्पताल में भर्ती है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों ने समय पर इलाज कराने और अंधविश्वास के बजाय स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की है।