नई दिल्ली। श्रीलंका के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा से दिल्ली भाजपा कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का मुख्य उद्देश्य पार्टी की कार्य शैली को देखना है। प्रतिनिधिमंडल का स्वागत हर्ष मल्होत्रा ने किया। इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने एक स्कूल का दौरा कर जानकारी हासिल की।प्रतिनिधिमंडल में एम. टिलविन सिल्वा (महासचिव), चंद्रिका अधिकारी (केंद्रीय समिति सदस्य), अबूबकर अथांबावा (सांसद), कबिलन सुंदरमूर्ति (सदस्य, जाफना नगर परिषद) और बी.आर.के. मधुभाषिनी (समन्वयक सचिव, लीडर ऑफ द हाउस) शामिल हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री आशीष सूद के साथ सरोजिनी नगर स्थित दिल्ली सरकार के स्कूल का दौरा किया, ताकि वहां के विकास और शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं को देखा जा सके। प्रतिनिधिमंडल ने स्कूल के स्मार्ट क्लासरूम, स्मार्ट लाइब्रेरी और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया और वहां मौजूद बुनियादी ढांचे की सराहना की।

मीडिया से बातचीत में आशीष सूद ने कहा, "श्रीलंका सरकार की मुख्य एलायंस पार्टी जेवीपी के नेता की लीडरशिप में श्रीलंका सरकार का डेलीगेशन आया है। ये प्रतिनिधिमंडल देश के अलग-अलग हिस्सों में राजनीतिक सामाजिक विषयों को देखते हुए दौरे कर रहा है। श्रीलंका सरकार 2027 से अपनी नई शिक्षा नीति पर काम कर रही है। उन्होंने दिल्ली के शिक्षा क्षेत्र में हो रहे बदलावों को देखने के लिए, समझने के लिए हमसे बात की थी। हम उनको यहां सीएम श्री स्कूल में लेकर आए हैं।"

आशीष सूद ने एक्स पर पोस्ट में कहा, सरोजिनी नगर स्थित मुख्यमंत्री श्री स्कूल में श्रीलंका से आए प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया गया। उन्होंने दिल्ली के एजुकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर, आधुनिक लर्निंग सुविधाओं और छात्रों के लिए बेहतर लर्निंग माहौल बनाने पर केंद्रित पहलों को देखा।"

उन्होंने कहा, "इस दौरे में दिल्ली की ओर से क्वालिटी एजुकेशन, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और छात्र-केंद्रित लर्निंग को मजबूत करने के प्रयासों को दिखाया गया। साथ ही, यह भी प्रदर्शित किया गया कि कैसे बेहतर सुविधाएं, टेक्नोलॉजी-युक्त क्लासरूम और भविष्य के लिए तैयार करने वाला नजरिया छात्रों के सीखने, आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए और अधिक अवसर पैदा कर सकता है।"