मध्य प्रदेश में पिछले तीन दिनों से आंधी और बारिश का दौर जारी है। कई जिलों में ओलावृष्टि भी हुई है। बीते 24 घंटे में भोपाल, रतलाम, मंदसौर, शाजापुर, धार, इंदौर, रायसेन, उज्जैन, सागर और छतरपुर समेत 15 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई। तेज आंधी के कारण रतलाम, शाजापुर और उज्जैन में गेहूं की फसलें आड़ी हो गई हैं, जिससे दाने की गुणवत्ता प्रभावित होने और किसानों की मुश्किलें बढ़ने की आशंका है।
ओलावृष्टि और तेज हवाओं के चलते प्रदेश के करीब 25 जिलों में फसलों को नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए सरकार ने सर्वे शुरू कर दिया है। राजस्व अमला प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रहा है।
भोपाल में गुरुवार देर रात से हल्की बारिश का दौर जारी रहा, जो शुक्रवार सुबह तक बना रहा। शहर में धूप नहीं निकली और बादल छाए रहे। हालांकि रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बड़े शहरों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा, जबकि प्रदेश में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री या उससे ऊपर पहुंच गया है।

अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम
21 फरवरी को बारिश का अलर्ट नहीं है और दिन में धूप निकलने की संभावना है। 22 फरवरी को भी मौसम साफ रहने का अनुमान है।
प्रमुख शहरों का मौसम ट्रेंड
भोपाल: यहां रातें ठंडी और दिन अपेक्षाकृत गर्म रहते हैं। वर्ष 2014 से 2024 के बीच चार साल अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचा। सात साल रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। इस बार फरवरी में दिन का तापमान 30 डिग्री के पार है।
इंदौर: फरवरी में यहां बारिश का ट्रेंड कम है। 2014 और 2015 में हल्की बूंदाबांदी हुई थी। दिन का तापमान सामान्यतः 30 डिग्री से ऊपर रहता है। 2019 में अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया था। रात में तापमान कई बार 10 डिग्री से नीचे चला जाता है।
ग्वालियर: यहां कड़ाके की ठंड का ट्रेंड रहता है, क्योंकि उत्तरी हवाएं सीधे असर डालती हैं। 4 फरवरी 2018 को न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री दर्ज किया गया था। 2019, 2022 और 2023 में भी पारा 3 डिग्री से नीचे गया। पिछले वर्ष यहां फरवरी में बारिश हुई थी और इस बार भी महीने की शुरुआत में वर्षा दर्ज की गई।
जबलपुर: यहां फरवरी के दूसरे सप्ताह के बाद दिन का तापमान 30 डिग्री से अधिक रहता है, जबकि रात का पारा लगभग 11 डिग्री रहता है। फरवरी में बारिश का ट्रेंड भी है—पिछले 10 में से 6 वर्षों में यहां वर्षा दर्ज की गई है।
उज्जैन: यहां गर्मी, ठंड और हल्की बारिश तीनों का असर देखा जाता है। दिन का तापमान 30 डिग्री से ऊपर और रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज होता है। हालांकि फरवरी में बारिश का ट्रेंड अपेक्षाकृत कम है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल दो दिन मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन बदले मौसम के कारण किसानों की चिंता बनी हुई है।


