इंदौर, रविकांत वर्मा। इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र स्थित एक निजी हॉस्टल के कमरे में पीएससी की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतका सिवनी जिले की रहने वाली थी और इंदौर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान जूलिया पुत्री शैलेंद्र उईके (उम्र 20 वर्ष) निवासी सिवनी के रूप में हुई है। जूलिया भंवरकुआं क्षेत्र स्थित तिबाविला हॉस्टल के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना के वक्त काफी देर तक जब उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो सहपाठियों और हॉस्टल प्रबंधन को अनहोनी की आशंका हुई। कमरे के अंदर झांककर देखने पर छात्रा मृत अवस्था में पाई गई।
सूचना मिलने पर भंवरकुआं थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया और परिजनों को घटना की सूचना दी। पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए किसी को भी जिम्मेदार नहीं ठहराया है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर विभिन्न पहलुओं से मौत के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।

















