सतना, अंबिका केशरी। सीधी जिले के बघवार स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में कार्यरत 22 वर्षीय कर्मचारी अभिषेक सिंह की ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। मृतक ग्राम बराज का निवासी था और अपने पिता की इकलौती संतान बताया जा रहा है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने घटना की जानकारी पारदर्शी तरीके से नहीं दी। उनका कहना है कि घटना के बाद शव को नहर में फेंका गया और जल्दबाजी में पोस्टमार्टम कराकर गांव भेज दिया गया। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक किसी आधिकारिक स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने बाबूपुर चौकी पहुंचकर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान चक्काजाम की तैयारी भी की गई। पूरे गांव में शोक और गुस्से का माहौल बना हुआ है तथा लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष बरमेंद्र प्रताप सिंह ने फैक्ट्री प्रबंधन पर दुर्घटना छिपाने का आरोप लगाते हुए फैक्ट्री प्रेसिडेंट के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने, घटना की निष्पक्ष जांच कराने, मृतक के परिजनों को 50 लाख का मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिए जाने की मांग की है।
वहीं, फैक्ट्री प्रबंधन और पुलिस की ओर से अभी तक इन आरोपों पर कोई आधिकारिक पुष्टि या विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों की आधिकारिक जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।




