बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय किशोरी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतिका की पहचान गंगा आदिवासी (पिता कोमल आदिवासी) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार गंगा शादी समारोह से लौटने के बाद कॉलोनी के पास बने तालाब में अन्य बच्चों के साथ नहाने गई थी। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूब गई। काफी देर तक खोजबीन के बाद सोमवार दोपहर करीब 1 बजे उसका शव तालाब में मिला।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन बच्ची को तत्काल बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर बटियागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं इस दुखद घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

