भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में शिक्षकों का पद वृद्धि की मांग को लेकर धरना लगातार जारी है। आंदोलन का आज चौथा दिन है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई प्रतिनिधि शिक्षकों से मिलने नहीं पहुंचा है और न ही उनकी मांगों को लेकर कोई आश्वासन दिया गया है।
प्रदर्शन कर रहे शिक्षक वर्ग-2 में 3 हजार और वर्ग-3 में 25 हजार नियुक्तियां किए जाने की मांग कर रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि पदों की संख्या बढ़ाकर अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर दिया जाए।
आंदोलन के दौरान एक शिक्षक ने अन्न-जल त्यागने का निर्णय लिया है। शिक्षक का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक वे अन्न-जल ग्रहण नहीं करेंगे।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। शिक्षकों ने स्पष्ट किया है कि मांग पूरी हुए बिना वे नीलम पार्क से नहीं हटेंगे और अपना धरना जारी रखेंगे।



