छत्तीसगढ़ /रायगढ़, रोहित तिर्की । रामभांठा स्थित पुराने बस डिपो के पास 16 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह एक लड़की को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, 14 सितंबर की रात किशोर एक परिचित लड़की के साथ चक्रधर समारोह देखने गया था। इसी दौरान आरोपी शिवम बानी (23) ने उसे लड़की से मिलने-जुलने को लेकर बुलाया। आरोप है कि इसके बाद शिवम बरेठ (20) ने किशोर का मोबाइल अपने पास रख लिया और उससे एक हजार रुपये की मांग की।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी किशोर को पुराने बस डिपो के पास ले गए, जहां विवाद बढ़ने पर पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए गए। गंभीर चोटों के कारण किशोर की मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल, रक्तरंजित कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। घटनास्थल पर क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन भी कराया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को धारा 103(1) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।




