नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले के निफाड़ में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया गया। UBT शिवसेना के युवा नेता विक्रम रंधावे एक झोले में आवारा कुत्ते को लेकर नगर पंचायत के चीफ ऑफिसर के कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने झोला खोलकर कुत्ते को चीफ ऑफिसर की टेबल पर छोड़ दिया, जिससे कार्यालय में मौजूद लोग हैरान रह गए।


प्रदर्शन के दौरान रंधावे ने नगर पंचायत के चीफ ऑफिसर धीरज भामरे को नोटों की माला पहनाकर प्रशासन की कार्यशैली पर तंज कसा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि निफाड़ शहर और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके चलते बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों में भी कुत्तों के झुंड को लेकर भय बना रहता है।


प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि आवारा कुत्तों के काटने की कई घटनाएं हो चुकी हैं और समस्या को लेकर नगर पंचायत को कई बार शिकायतें एवं लिखित रिप्रेजेंटेशन दिए गए, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि केवल शिकायतें दर्ज करने के बजाय आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनकी संख्या नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।


विक्रम रंधावे ने गणेशोत्सव के दौरान भी आवारा कुत्तों की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने नगर पंचायत से तत्काल नसबंदी अभियान शुरू करने, आवारा कुत्तों को पकड़ने की व्यवस्था करने और शहर में इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विरोध प्रदर्शन चर्चा में है।