बैतूल (सुरेन्द्र बावने )। विभिन्न जनसमस्याओं और मांगों को लेकर चिचोली में नगर कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं महिला कांग्रेस के नेतृत्व में जन आक्रोश आंदोलन का आयोजन किया गया। हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाजार चौक से तहसील कार्यालय तक रैली निकालते हुए तहसील का घेराव किया और मुख्यमंत्री सहित भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कलेक्टर के नाम संबोधित ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अभिजीत सिंह एवं तहसीलदार प्रेम सिंह दीवान को सौंपा गया।
आंदोलन से पूर्व बाजार चौक पर आयोजित आमसभा को कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय डागा, विधानसभा प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बघेल, वरिष्ठ नेता रमेश काकोडिया, राहुल उइके, अशोक राठौर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष यादव, राहुल पटेल सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, चिचोली नगर परिषद में कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच, आदिवासी किसान से मारपीट मामले में कार्रवाई, अयोध्या रामलला मंदिर चंदा प्रकरण की जांच, नीट पेपर लीक मामले के दोषियों पर सख्त कार्रवाई तथा अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
सभा के बाद निकाली गई जन आक्रोश रैली बाजार चौक, जय स्तंभ चौक होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने तहसील कार्यालय के बैरिकेड पार करते हुए परिसर में प्रवेश किया। वहां कांग्रेस नेताओं ने अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन एसडीएम अभिजीत सिंह एवं तहसीलदार प्रेम सिंह दीवान को सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
आंदोलन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी हरिओम पटेल, राजस्व अमला एवं नगर परिषद के कर्मचारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए रहे। आंदोलन में चिचोली सहित बैतूल जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए।




