मैहर। मैहर जिले के अमरपाटन में बेखौफ चोरों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए थाने के ठीक पीछे स्थित तिवारी कॉलोनी में एक सूने कमरे को निशाना बनाकर करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। थाने से महज कुछ ही दूरी पर हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोर देर रात मौका पाकर राजकुमार पटेल के घर में दाखिल हुए। शातिर चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले पास के कमरे में सो रहे गृहस्वामी राजकुमार पटेल के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद चोरों ने इत्मीनान से कमरे में रखे अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर उसमें रखे करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए और फरार हो गए।


घटना का खुलासा सुबह उस वक्त हुआ जब राजकुमार पटेल सोकर उठे और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद पाया। उन्होंने आवाज देकर किराएदार की मदद से दरवाजा खुलवाया। बाहर आकर देखा तो घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा हुआ था और जेवरात गायब थे। घटना की सूचना तुरंत अमरपाटन थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।