रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा स्थित एक होटल में उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब मंचों से समाज को नैतिकता और संस्कारों का पाठ पढ़ाने वाला एक तथाकथित हिंदूवादी नेता बंद कमरे में अपनी प्रेमिका के साथ पकड़ा गया। बाहर समाज सुधारक का चोला ओढ़ने वाला शख्स चारदीवारी के पीछे क्या कर रहा था, इसका पूरा सच तब सामने आया जब खुद उसकी पत्नी पुलिस को लेकर होटल के कमरे तक जा पहुंची। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर नेताजी की जमकर किरकिरी हो रही है।


पूरा मामला जावरा के एक निजी होटल का है। स्थानीय स्तर पर हिंदू समाज के नेता के रूप में सक्रिय विजय दगदी आचार्य पर उसकी पत्नी को लंबे समय से शक था। शुक्रवार को जब विजय अपनी प्रेमिका से मिलने होटल पहुंचा, तो पत्नी ने उसका पीछा किया। मौके की नजाकत को भांपते हुए पत्नी ने सीधे हंगामा करने के बजाय तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुला लिया। जब पुलिसकर्मी की मौजूदगी में होटल के कमरे का दरवाजा खुलवाया गया, तो अंदर का नजारा देखकर सब हैरान रह गए। हिंदूवादी नेता बिना शर्ट के अर्धनग्न हालत में दरवाजे पर खड़ा था, जबकि उसकी प्रेमिका दरवाजे के पीछे छिपने की कोशिश कर रही थी।


यह भी पढें:

युवती से छेड़छाड़ पर फूटा भीड़ का गुस्सा:युवक के कपड़े फाड़कर सड़क पर पीटा, 10 मिनट तक चले लात-घूंसे और चप्पलें, ट्रैफिक सिपाही ने बचाई जान


कमरे का दरवाजा खुलते ही आक्रोशित पत्नी का सब्र का बांध टूट गया। उसने पति और उसकी प्रेमिका को जमकर खरी-खोटी सुनाई और विजय के गाल पर थप्पड़ जड़ दिए। वायरल वीडियो में पत्नी अपनी आपबीती बताते हुए साफ कहती सुनाई दे रही है- तू मुझे भगाकर लाया था, मुझसे लव मैरिज की थी... और अब इसके साथ यह सब कर रहा है? मुझे तेरे इस चक्कर की भनक काफी पहले से थी। हैरानी की बात यह रही कि रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद भी नेताजी अपनी गलती मानने के बजाय पत्नी पर ही दबाव बनाने लगे। विजय वीडियो में पत्नी से कहता दिखा, उसे कुछ मत बोल, वह सुसाइड कर लेगी। इस पर पत्नी और भड़क गई और उसने कहा, शट अप... तू चुप रह। इसके बाद उसने पति पर थप्पड़ों की बरसात कर दी।


पीड़ित पत्नी ने यह भी आरोप लगाया कि विजय उसके साथ लगातार मारपीट करता आया है और उसे प्रताड़ित कर रहा था। होटल में हुए इस पूरे ड्रामे के बाद पत्नी सीधे थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।


औद्योगिक क्षेत्र थाना जावरा के प्रभारी सुमित मिश्रा ने बताया कि वायरल वीडियो और पत्नी की औपचारिक शिकायत के आधार पर आरोपी विजय दगदी के खिलाफ मारपीट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की वैधानिक जांच कर रही है।


बहरहाल मंचों पर आदर्शों की दुहाई देने वाले नेता के इस चेहरे के उजागर होने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग इसे दोहरे चरित्र का जीता-जागता उदाहरण बता रहे हैं।