सागर, जीशान खान। सेवा संकल्प अभियान के तहत सागर जिले में 17 सितंबर को बड़ा आयोजन होने जा रहा है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत जिलेभर में 10 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बुधवार को अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को ग्राम पंचायतों से लेकर नगरीय निकायों तक व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अभियान की सभी गतिविधियां तय समय-सीमा में पूरी हों और विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से संचालित करने तथा आम नागरिकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
17 सितंबर को होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन की व्यवस्था की जाएगी। निर्धारित समय पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलन के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसी दिन जिले में रक्तदान शिविर भी आयोजित होंगे। स्वास्थ्य विभाग को शिविरों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाली अन्य गतिविधियों की भी समीक्षा हुई। ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’ और ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रमों को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। उप मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियों को सामने लाने के निर्देश दिए, जिससे योजनाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंच सके। इसके साथ ही ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत प्रस्तावित गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। मेगा शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने और नागरिकों की समस्याओं के निराकरण की व्यवस्था पर जोर दिया गया। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान की प्रभावी व्यवस्था भी हो।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने अभियान को लेकर अपने सुझाव दिए। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करने और विभागीय समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। बड़नगर यात्रा के रूट की जानकारी जनप्रतिनिधियों के साथ साझा करने को भी कहा गया, ताकि यात्रा के आयोजन और व्यवस्थाओं को लेकर पहले से समन्वय बनाया जा सके।
नशा मुक्त भारत अभियान को भी जिले में व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए गए। उप मुख्यमंत्री ने जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने को कहा। वहीं ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ सहित आगामी कार्यक्रमों को लेकर सुरक्षा, परिवहन और जनभागीदारी से जुड़े इंतजामों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जिले में चल रही तैयारियों की जानकारी दी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश कुमार गोमे ने अभियान की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की।
बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह, सागर विधायक शैलेन्द्र जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष द्वय श्याम तिवारी, रानी कुशवाहा, शैलेष केशरवानी, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।




