छतरपुर, संदीप यादव। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कर्री में देर रात बेखौफ बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों के सोने-चांदी के जेवरात और कपड़े चोरी कर लिए। वारदात के दौरान शातिर चोरों ने पूरे परिवार को एक कमरे में बाहर से कुंडी लगाकर कैद कर दिया और आराम से चोरी की घटना को अंजाम देकर रफूचक्कर हो गए।
बांस-बल्ली के सहारे छत पर चढ़कर घर में घुसे बदमाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कर्री निवासी जानकीबाई अहिरवार पत्नी मोतीलाल अहिरवार ने सिविल लाइन थाने में दिए आवेदन में बताया कि 5 सितंबर की रात लगभग 12:30 बजे वह और उनका परिवार घर के एक हॉल में सो रहे थे। तभी 3 से 4 अज्ञात चोर घर के पीछे बांस-बल्ली लगाकर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए। चोरों ने सबसे पहले हॉल का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, ताकि परिवार बाहर न आ सके।
अलमारी के ताले तोड़कर समेटा कीमती सामान
इसके बाद चोरों ने बगल वाले कमरे में रखी अलमारी के ताले तोड़ दिए। अलमारी में रखे सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण, नई साडिय़ाँ और बच्चों के कपड़े तक समेट लिए।
चीख-पुकार के बावजूद नहीं मिली मदद
पीडि़ता ने बताया कि अलमारी तोडऩे की आवाज सुनकर जब परिवार की नींद खुली, तो उन्होंने बाहर से कुंडी लगी होने के कारण जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। हालांकि, आधी रात होने के कारण आसपास के लोगों तक उनकी आवाज नहीं पहुंच सकी और चोर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
थाने में आवेदन देकर सख्त कार्रवाई की मांग
पीडि़त परिवार ने सिविल लाइन थाना प्रभारी को आवेदन पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, चोरी गए सामान की बरामदगी और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।




