मंदसौर,ललित शंकर धाकड़। जिले के गरोठ थाना क्षेत्र में चोरों ने बैंक ऑफ इंडिया के ATM को निशाना बनाकर करीब साढ़े 6 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना भानपुरा रोड पर देर रात की बताई जा रही है। चोरों ने गैस कटर की मदद से ATM को काटकर उसमें रखी नकदी पार कर दी।
वारदात की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर गरोठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल चोरों का सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।














