देवास, नंदकिशोर गुर्जर । देवास जिले के कमलापुर अंतर्गत जिनवानी वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने बिजवाड़ पुलिस के सहयोग से अवैध सागौन लकड़ी से भरा एक आयशर वाहन जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त वाहन राजस्थान पासिंग का होने से अंतरराज्यीय लकड़ी तस्कर गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिनवानी-कांटाफोड़ मार्ग से अवैध सागौन लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर विभागीय टीम ने मार्ग पर नाकाबंदी की, लेकिन चालक बैरिकेड तोड़कर वाहन लेकर फरार हो गया। वन विभाग की टीम ने तत्काल पीछा किया, इस दौरान तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पर मौजूद दो गायों को टक्कर मार दी, जिससे एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही बिजवाड़ पुलिस भी कार्रवाई में शामिल हुई। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त घेराबंदी के बाद आयशर वाहन को पकड़ लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में अवैध सागौन लकड़ी मिली, लेकिन परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद लकड़ी और वाहन को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।


वन अधिकारियों के अनुसार जिनवानी वन परिक्षेत्र में पिछले एक महीने के भीतर अवैध सागौन तस्करी का यह तीसरा मामला सामने आया है। लगातार हो रही तस्करी की घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने गश्त बढ़ा दी है और इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं इसके पीछे कोई संगठित अंतरराज्यीय गिरोह तो सक्रिय नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जाएगी।