भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा सोशल मीडिया और डिजिटल टीम में युवाओं की सोच को प्राथमिकता देने के सख्त निर्देशों के बीच, मध्य प्रदेश भाजपा में भी संगठनात्मक फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है। राज्य में खाली पड़े प्रदेश मीडिया प्रभारी के पद पर नियुक्ति को लेकर सत्ता और संगठन स्तर पर उच्चस्तरीय विचार-विमर्श शुरू हो गया है।


सीएम हाउस में आधे घंटे चली गोपनीय मंत्रणा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। हालांकि आधिकारिक तौर पर इस बैठक को राज्यभर में चल रहे 'सेवा संकल्प अभियान' की तैयारियों और समीक्षा से जोड़कर प्रस्तुत किया गया, लेकिन पार्टी सूत्रों के अनुसार दोनों शीर्ष नेताओं के बीच लगभग आधे घंटे तक चले इस मंथन में प्रदेश मीडिया प्रभारी की नियुक्ति को लेकर गंभीर चर्चा हुई है।


डिजिटल और मीडिया विंग में नई युवा सोच पर जोर

भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पार्टी के डिजिटल संचार, सोशल मीडिया सेल और मीडिया विंग में नई पीढ़ी और युवाओं की आक्रामक सोच झलकनी चाहिए। इस मापदंड पर खरा उतरने वाले और सत्ता-संगठन के बीच समन्वय बनाने वाले चेहरे की तलाश जारी है।


सेवा संकल्प अभियान और 'वडनगर से वाराणसी' यात्रा की समीक्षा

मंत्रणा से पूर्व भाजपा प्रदेश कार्यालय में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह लगातार इन गतिविधियों का जायजा ले रहे हैं। इसके साथ ही, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समस्त प्रभारी मंत्रियों और जिलाध्यक्षों की बैठक ली। इस बैठक में उज्जैन के बड़नगर से वाराणसी तक निकाली जाने वाली विशाल 'जन सेवा यात्रा' (बाइक रैली) की तैयारियों और भावी रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री व पदाधिकारी शामिल रहे।