छतरपुर/ईशानगर। छतरपुर जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच एक अजीबोगरीब विवाद का मामला सामने आया है, जहाँ घर में पाले गए तीन कुत्तों को लेकर दंपत्ति में ऐसी अनबन हुई कि बात थाने तक जा पहुँची। निवरिया गाँव के रहने वाले भजनलाल यादव और उनकी पत्नी पुष्पा यादव के बीच पिछले कुछ समय से कुत्ते पालने की बात को लेकर खींचतान और विवाद की स्थिति बनी हुई थी। पत्नी का आरोप था कि पति उन्हें परेशान करते हैं, लेकिन जब पुलिस ने मामले की गहराई से छानबीन की तो विवाद की असली वजह घर में रखे गए तीन पालतू कुत्ते निकले।


मामला ईशानगर थाने पहुँचने पर नवागत थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह राजपूत ने दोनों पक्षों की बात को बेहद धैर्य और संवेदनशीलता से सुना। दोनों के बीच विवाद की मुख्य वजह समझने के बाद थाना प्रभारी ने पति-पत्नी दोनों को बैठाकर व्यावहारिक समझाइश दी।

उन्होंने कहा कि परिवार हमेशा आपसी सामंजस्य, प्रेम और समझदारी से चलते हैं। छोटी-छोटी बातों या जिद्द को लेकर आपस में विवाद बढ़ाना और थाने-कोर्ट तक आना परिवार के हित में नहीं होता। कोर्ट-कचहरी के चक्कर काटने से किसी भी परिवार का भला नहीं होता, इसलिए घरेलू समस्याओं का समाधान हमेशा आपस में बैठकर बातचीत से ही निकाला जाना चाहिए।


आपसी सुलह के बाद मुस्कुराते हुए साथ घर लौटे पति-पत्नी

थाना प्रभारी की सकारात्मक समझाइश और सीख का असर दोनों पति-पत्नी पर तुरंत देखने को मिला। भजनलाल और पुष्पा यादव ने अपनी-अपनी गलतियों को समझा और आपसी मनमुटाव को भुलाकर सुलह के लिए तैयार हो गए। विवाद खत्म होने के बाद दोनों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई। पति-पत्नी दोनों ने पुलिस प्रशासन की इस मानवीय पहल और सहयोग के लिए ईशानगर पुलिस का हृदय से धन्यवाद दिया और खुशी-खुशी एक साथ थाने से अपने घर के लिए रवाना हो गए।