अशोकनगर, ओमप्रकाश कुशवाह । जिले के नईसराय क्षेत्र में शराब के नशे में उत्पात मचाने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों ने काली स्कॉर्पियो और बलेनो कार से बस स्टैंड तथा कॉलोनी क्षेत्र में तेज रफ्तार से वाहन चलाकर लोगों में दहशत फैलाई। इस दौरान उन्होंने कई स्थानों पर दीवारों को क्षतिग्रस्त किया और ड्यूटी पर मौजूद चौकीदार के साथ अभद्रता भी की।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान सतीश कुशवाह, मोनू किरार और अरुण कुशवाह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में शामिल दो अन्य आरोपी हजारी कुशवाह और कपिल रघुवंशी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और आम लोगों में भय का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा भी पुलिस ने किया है।




