जबलपुर। कटंगी बायपास स्थित यूनिटी लॉजिस्टिक पार्क में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में रिलायंस, ब्रिटानिया और डेलिवरी के बड़े गोदाम इसकी चपेट में आ गए। आग की लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं और पूरे इलाके में काला धुआं छा गया।


7 घंटे की मशक्कत के बाद काबू

आग की सूचना मिलते ही नगर निगम, सुरक्षा संस्थानों और आसपास के क्षेत्रों से दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के लिए 25 से ज्यादा दमकल वाहन और 150 से अधिक पानी के टैंकर लगाए गए। पानी के साथ फोम का भी उपयोग किया गया।


कई विभागों की टीम पहुंची मौके पर

नगर निगम के अलावा ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया, व्हीकल फैक्ट्री और गन कैरिज फैक्ट्री की फायर ब्रिगेड टीमों को भी बुलाया गया। आसपास के नगर परिषदों की टीमें भी राहत कार्य में जुटीं।


तेज हवा से तेजी से फैली आग

जानकारी के अनुसार, आग रात करीब 12 बजे रिलायंस के गोदाम से शुरू हुई। उस समय तेज हवा चल रही थी, जिससे आग तेजी से फैल गई। गोदाम में रखे ज्वलनशील पदार्थ, तेल और पैकेज्ड सामान ने आग को और भड़का दिया, जिससे पास के अन्य गोदाम भी चपेट में आ गए।


जनहानि टली, 50 कर्मचारी सुरक्षित

हादसे के समय रिलायंस और ब्रिटानिया के गोदाम बंद थे, लेकिन डेलिवरी के वेयरहाउस में करीब 50 कर्मचारी मौजूद थे। आग लगते ही सभी ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।


महापौर ने लिया जायजा

महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ देर रात मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग को पास के टायर और पेंट डिपो तक फैलने से रोक लिया गया है और अब स्थिति नियंत्रण में है।


SDRF करेगी जांच

आग लगने के कारणों की जांच SDRF द्वारा की जाएगी। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी कारण की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे में तीनों कंपनियों के करोड़ों रुपए के नुकसान का अनुमान है।