मुंबई। साउथ की फिल्मों के निर्देशक लोकेश कनगराज की अपकमिंग साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म 'जॉन डो' के मेकर्स ने मंगलवार को ट्रेलर रिलीज कर दिया है। यह एक ऐसे आदमी की कहानी है, जो सरकार द्वारा अपराधियों का समर्थन देख खुद भ्रष्ट और ताकतवर लोगों को सजा देना शुरू कर देता है।

फिल्म के डायरेक्टर लोकेश कनगराज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्रेलर क्लिप शेयर किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "फिल्म 'जॉन डो' का ट्रेलर पेश करते हुए बहुत खुशी हो रही है। पूरी कास्ट और क्रू को इस फिल्म के शानदार होने के लिए दिल से बधाई और शुभकामनाएं।"

ट्रेलर की शुरुआत एक छोटे लड़के और उसकी बड़ी बहन से होती है, जो रात में कुछ खाने-पीने का सामान लेने के बहाने बाहर निकलते हैं। बहन किसी काम में व्यस्त होती है और वह लड़के से कहती है कि वह अपने लिए एक स्कूप आइसक्रीम ले ले। कुछ देर बाद जब वह पीछे मुड़कर देखती है, तो उसका भाई गायब होता है। वह घबराकर घर जाती है और अपनी मां को भाई के बारे में बताती है, जिसके बाद दोनों उसे ढूंढने लगती हैं लेकिन उसका कोई पता नहीं चलता।

वहां के लोगों को पता चलता है कि ये परिवार अभी-अभी दुबई से भारत शिफ्ट हुआ है। पुलिस को बुलाया जाता है। दो पुलिस अफसर अर्जुन दास और संचना नटराजन इस केस की जांच शुरू करते हैं। जो मामला पहले बच्चे के गायब होने का लगता है, वह धीरे-धीरे और भी पेचीदा होता जाता है। फिर क्या होता है, यही फिल्म की कहानी है।

तमिल सिनेमा के तेजी से उभरते सितारों में से एक अर्जुन दास फिल्म में चंदू नाम के एक पुलिस अधिकारी के लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म में संचना नटराजन फीमेल लीड में हैं। साथ ही जारा विनीत चांदोक और निरव भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

लोकेश कनगराज द्वारा निर्देशित इस फिल्म का निर्माण 'बाहुबली' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म बनाने वाले मशहूर प्रोडक्शन हाउस अर्का मीडियावर्क्स द्वारा किया जा रहा है। तमिल सिनेमा में इस बैनर की यह पहली फिल्म है। यह फिल्म 13 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।