छतरपुर/भोपाल। नगर पालिका परिषद छतरपुर में पदस्थ उपयंत्री (सिविल) गोकुल प्रजापति का तबादला उज्जैन विकास प्राधिकरण कर दिया गया है। मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग मंत्रालय, भोपाल द्वारा 2 नवंबर को इस संबंध में आधिकारिक स्थानांतरण आदेश जारी किया गया है।
गौरतलब है कि उपयंत्री गोकुल प्रजापति पिछले कुछ समय से ऐतिहासिक जलबिहार मेला आयोजन में हुई कथित अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों के गंभीर आरोपों में घिरे हुए थे। मेले की व्यवस्थाओं, निर्माण और प्रबंधन से जुड़ी शिकायतों को लेकर नगर पालिका और प्रशासनिक हलकों में लगातार सवाल उठ रहे थे। इस विवाद और भारी विरोध के बीच शासन स्तर पर यह स्थानांतरण आदेश जारी हुआ है।
शासन द्वारा जारी आदेश (क्रमांक एफ 1/1/41/0001/2026/18-5) के अनुसार, स्थानांतरण नीति 2026 की कंडिका 8.7 के अंतर्गत उपयंत्री गोकुल प्रजापति को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से उज्जैन विकास प्राधिकरण में पदस्थ किया गया है। प्रशासनिक हलकों में इस तबादले को जलबिहार मेले में सामने आई अव्यवस्थाओं और अनियमितताओं की गाज के रूप में देखा जा रहा है।
















