छतरपुर, संजय अवस्थी। ग्राम पंचायत बगोता के ग्रामीण अपनी 6 सूत्रीय विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर पैदल मार्च करते हुए छतरपुर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों की सबसे प्रमुख मांग गांव को आबादी क्षेत्र घोषित करने की है, ताकि वहां निवासरत गरीब परिवारों को अपनी जमीनों और मकानों के स्थायी अधिकार मिल सकें। इसके अलावा स्वामित्व योजना की रजिस्ट्री में हुई त्रुटियों के सुधार, गौशाला से संबंधित खसरा संशोधन, विश्वविद्यालय निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई भू-स्वामी जमीनों के एवज में उचित मुआवजा या वैकल्पिक भूमि प्रदान करने, राजस्व अभिलेखों में सुधार तथा वन विभाग से किसानों की कृषि भूमि को मुक्त कराए जाने जैसी मांगें शामिल हैं।
ग्रामीण पुष्पराज सिंह ने बताया कि इससे पूर्व भी प्रक्रिया के तहत जांच कराई गई थी, लेकिन मामला अब तक अटका हुआ है, जिससे ग्रामीणों पर बेदखली का संकट बना रहता है। वहीं तहसीलदार रामनरेश गौतम ने बताया कि ग्राम पंचायत बगोता के निवासियों द्वारा 6 सूत्रीय मांगों का पत्र कलेक्टर के नाम दिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि ज्ञापन के सभी बिंदुओं को कलेक्टर के संज्ञान में लाकर नियमानुसार जल्द से जल्द उचित निराकरण किया जाएगा।














