देवास, नंदकिशोर गुर्जर। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने रविवार देर रात अवैध शराब से भरे ट्रक को रोकने की कोशिश की थी, तभी चालक ने वाहन उनके ऊपर चढ़ा दिया। गंभीर रूप से घायल टीआई की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

हरदा से इंदौर जा रहा था अवैध शराब से भरा ट्रक

रविवार देर रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच पुलिस को सूचना मिली थी कि हरदा की ओर से अवैध शराब से भरा एक आयशर वाहन इंदौर के रास्ते गुजरात ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही देवास एसपी आदित्य मिश्रा ने ट्रक को पकड़ने के लिए खातेगांव, कन्नौद और सतवास के थाना प्रभारियों समेत पांच से अधिक पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस टीमें लगातार वाहन का पीछा कर रही थीं और रास्ते में नाकाबंदी भी की गई थी।

पानी पीने रुके चालक को नीचे उतारने की थी कोशिश

रिपोर्ट के मुताबिक, हरदा-नेमावर हाईवे पर ट्रक चालक पानी पीने के लिए रुका था। इसी दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी वहां पहुंचे और उन्होंने चालक को वाहन से नीचे उतरने के लिए कहा। आरोप है कि बचने के लिए चालक ने ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ा दिया और तेजी से भागने की कोशिश की। इस अफरातफरी में टीआई दिलीप पुरी नीचे गिर गए और वाहन का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

अस्पताल में दो घंटे चला इलाज, नहीं बची जान

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी घायल दिलीप पुरी को अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने करीब दो घंटे तक उनका इलाज किया और सीपीआर (CPR) भी दिया, लेकिन अत्यधिक चोट लगने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।

संदलपुर में ट्रक छोड़कर भागा चालक, पुलिस तलाश में जुटी

घटना को अंजाम देने के बाद चालक हरदा-नेमावर हाईवे के संदलपुर इलाके में ट्रक को लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। सूचना मिलते ही देवास एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के खातेगांव पहुंच गए थे। पुलिस की कई टीमें फरार चालक की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही हैं और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

जिले में पहले भी आ चुके हैं अवैध शराब के मामले

मध्य प्रदेश का देवास जिला पिछले कुछ समय से अवैध शराब के मामलों को लेकर चर्चा में बना हुआ है। हाल ही में जिले के चंदाना और बिंजाना गांवों में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने अवैध शराब नेटवर्क के कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि थाना प्रभारी की मौत की इस घटना को पुराने जहरीली शराब के मामले से जोड़ने के संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि या आधार सामने नहीं आया है।