दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले अंतर्गत पन्ना टाइगर रिजर्व के मड़ियादो बफर जोन क्षेत्र में वन्यजीव के हमले का खौफनाक मामला सामने आया है। यहां कारीबरा गांव में अपने खेत पर खड़ी फसल की देखरेख करने पहुंचे एक 50 वर्षीय किसान पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। भालू के इस अप्रत्याशित हमले में किसान के दोनों पैरों में कई जगह गहरे घाव हो गए और वे लहूलुहान हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों के दौड़ने पर भालू जंगल की ओर भाग निकला। गंभीर रूप से घायल किसान को प्राथमिक उपचार के बाद हटा सिविल अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका सघन उपचार जारी है।


जानकारी के अनुसार, कारीबरा गांव निवासी किसान बबलू गौंड (50) रविवार सुबह करीब 9 बजे रोज की तरह अपने खेत में लगी फसल देखने पहुंचे थे। इसी दौरान खेत की मेड़ के पास अचानक एक भालू उनके सामने आ गया। इससे पहले कि किसान संभल पाते, भालू ने उन पर झपट्टा मार दिया और उनके पैरों को बुरी तरह नोच डाला। किसान ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया। बबलू की चीखें सुनकर आसपास के खेतों से ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके की ओर दौड़े। भारी संख्या में लोगों को अपनी ओर आता देख भालू किसान को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।


घटना के तुरंत बाद ग्रामीण घायल किसान को लेकर मड़ियादो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक मरहम-पट्टी की, लेकिन घाव गहरे होने और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तुरंत हटा सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल हटा सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष निगरानी में किसान का उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।


इधर, घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग का अमला सक्रिय हो गया। बीट गार्ड रामगोपाल अहिरवार ने बताया कि भालू अपने परिवार के साथ खेत की तरफ से गुजर रहा था, तभी अचानक किसान के सामने आ जाने से उसने हमला कर दिया। वन विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायल किसान का हालचाल जाना और तात्कालिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। साथ ही विभाग ने किसान के आगामी संपूर्ण उपचार का खर्च उठाने का आश्वासन दिया है। घटना की जानकारी पन्ना टाइगर रिजर्व और जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है, वहीं बफर जोन से लगे गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।