सागर, स्वाति सोलंकी। सागर जिले के चर्चित बंडा जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी जुझार सिंह लोधी (45 वर्ष) की भोपाल स्थित हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। ग्राम नौराज निवासी जुझार सिंह बंडा उपजेल में न्यायिक हिरासत में बंद था।

जेल में अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। परिजनों और सूत्रों के अनुसार, जुझार सिंह की वर्ष 2024 में बायपास सर्जरी हुई थी, जिसके बाद से वह लगातार अस्वस्थ चल रहा था।

गौरतलब है कि बंडा जहरीली शराब कांड में अब तक 30 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। पुलिस ने इस मामले में 62 से अधिक नामजद आरोपियों में से 50 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। मुख्य आरोपी की मौत के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।