मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत: दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही मुरैना जिले में अवैध पटाखों का कारोबार तेजी से फलने-फूलने लगा है। हालांकि, जिला प्रशासन ने पटाखों की बिक्री के लिए हर तहसील में स्थान निर्धारित कर लाइसेंस जारी करने की व्यवस्था की है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग नियमों को ताक पर रखकर अपने घरों से चोरी-छिपे पटाखों का कारोबार कर रहे हैं। इसी अवैध गतिविधि पर लगाम कसते हुए रविवार को सिविल लाइन थाना और सबलगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और अवैध पटाखों का बड़ा जखीरा बरामद किया। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
न्यू हाउसिंग बोर्ड में छत पर छुपा रखे थे पटाखे
अवैध पटाखों के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई मुरैना शहर की न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में अंजाम दी गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कॉलोनी के मकान नंबर एमआईजी 730 में अवैध रूप से पटाखे रखे गए हैं और वहां से चोरी-छिपे उनकी बिक्री हो रही है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मकान की तलाशी ली। शुरुआत में घर के अंदर पटाखे नहीं मिले, लेकिन जब पुलिस टीम छत पर पहुंची तो वहां छह कार्टनों में विभिन्न प्रकार के पटाखों के 200 से अधिक पैकेट रखे हुए मिले। पुलिस ने सारा माल जब्त कर मकान में रहने वाले अनुराग मंगल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जब्त पटाखों की कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।
सबलगढ़ में घर से मिला ₹25 हजार का पटाखा स्टॉक
दूसरी कार्रवाई सबलगढ़ थाना पुलिस द्वारा की गई। थाना प्रभारी पंकज मुदगल के अनुसार, रामपुर रोड पर मुक्तिधाम के सामने रहने वाला 35 वर्षीय धर्मेंद्र पुत्र रामअवतार मांझी अपने घर से अवैध रूप से पटाखों का कारोबार कर रहा था। उसके पास पटाखों की बिक्री का कोई लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने जब उसके घर की तलाशी ली, तो वहां से करीब 25 हजार रुपये कीमत के पटाखों के 70 से 80 पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने पटाखों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।














