झुंझुनूं। राजस्थान में झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र स्थित छापोली गांव में सोमवार सुबह 10 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क निर्माण कार्य के दौरान रोड़ी-बजरी (कंक्रीट) मिक्सर मशीन हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई, जिससे 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई और 5 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए उदयपुरवाटी सीएचसी में भर्ती कराया गया है। उदयपुरवाटी थाना अधिकारी रामपाल ने बताया कि हादसा छापोली-कदंब कुंड मार्ग पर सीकर-नीमकाथाना स्टेट हाईवे से करीब 150 मीटर दूर हुआ। मजदूर मिक्सर मशीन को धक्का देकर दूसरी जगह ले जा रहे थे, तभी मशीन का हाइड्रोलिक जैक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया और पूरी मशीन में हाईवोल्टेज करंट दौड़ गया।


एक ही परिवार के 4 लोगों समेत 8 की मौत

हादसे में हालेड़ा मंडावरा निवासी एक ही परिवार के चार लोगों—हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23) की मौत हो गई। वहीं, छापोली निवासी विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) ने भी दम तोड़ दिया। घायलों में महेंद्र सैनी, गीता देवी, संतरा देवी, गिदाराम सैनी और मंजू देवी शामिल हैं।


बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप, धरने पर बैठे ग्रामीण

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग को लाइन काटने के लिए फोन किया गया था, लेकिन सबस्टेशन पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा, स्थानीय विधायक भगवानाराम सैनी और डीएसपी सुगन सिंह मौके पर पहुंचे। पूर्व मंत्री गुढ़ा ने इसे राजनीति से परे बताते हुए पीड़ित परिवारों के पुनर्वास और प्रत्येक मृतक के परिजनों को सरकारी नौकरी देने की मांग की।


मिक्सर मशीन को धक्का देने के दौरान हुआ हादसा

घायल मजदूर गिदाराम सैनी ने बताया कि निर्माण स्थल पर करीब 12-13 लोग काम कर रहे थे। मजदूर मशीन को धक्का देकर दूसरी जगह शिफ्ट कर रहे थे, तभी ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईवोल्टेज लाइन का तार मशीन के ऊपरी हिस्से से छू गया और जोरदार झटका लगा।


मृतकों में 4 एक ही परिवार के, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर

हादसे में अपनी जान गंवाने वाले 8 मजदूरों में से 4 मृतक हालेड़ा मंडावरा गांव के एक ही परिवार के सदस्य थे।

हालेड़ा मंडावरा के मृतक: हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23)।

छापोली गांव के मृतक: विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32)।


घायलों का सीएचसी में इलाज जारी, अस्पताल के बाहर भारी भीड़

हादसे में झुलसे 5 मजदूरों—महेंद्र सैनी, गीता देवी, संतरा देवी, गिदाराम सैनी और मंजू देवी का उदयपुरवाटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इलाज चल रहा है। घटना की खबर फैलते ही अस्पताल के बाहर स्थानीय लोगों और परिजनों की भारी भीड़ जुट गई।


बिजली विभाग पर गंभीर आरोप, मौके पर कलेक्टर को बुलाने की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन और डिस्कॉम पर लापरवाही का सीधा आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली के तार पेड़ से टकरा रहे थे और हादसे के तुरंत बाद लाइन कटवाने के लिए जीएसएस पर फोन किया गया, लेकिन वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। गुस्साए ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने समझाइश कर मामला शांत कराया।


पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा बोले- पीड़ित परिवारों को मिले नौकरी और पुनर्वास

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा, विधायक भगवानाराम सैनी और डीएसपी सुगन सिंह मौके पर पहुंचे। पूर्व मंत्री गुढ़ा ने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं बल्कि पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होने का है। सरकार को हर मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा देना चाहिए।