सतना, सजल कुमार रजक। शहर में डेंगू संक्रमण ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। पुणे में रहकर मजदूरी करने वाले सिद्धार्थ नगर निवासी 29 वर्षीय राजेश बुनकर की डेंगू की चपेट में आने से मौत हो गई। खास बात यह है कि उनकी 26 वर्षीय पत्नी प्रियंका बुनकर भी डेंगू पॉजिटिव पाई गई हैं और वह सात माह की गर्भवती हैं। पति की इस अचानक मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुणे से लौटे थे बुखार और उल्टी की शिकायत लेकर

मृतक के परिजनों के अनुसार, राजेश अपनी पत्नी प्रियंका और 20 वर्षीय भाई अजय के साथ पुणे में रहकर मजदूरी करते थे। वहां अचानक तबीयत खराब होने पर तीनों गत 29 अक्टूबर को सतना लौटे थे। शहर पहुंचने के बाद उन्होंने स्थानीय चिकित्सक डॉ. केएल नामदेव से परामर्श लिया था, जिनकी सलाह पर सिंधी कैंप स्थित डे केयर पैथोलॉजी सेंटर में दोनों की जांच करवाई गई। इस जांच में राजेश और प्रियंका दोनों के डेंगू संक्रमित होने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट आते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और तुरंत दोनों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

जिला अस्पताल से निजी अस्पताल तक चला संघर्ष

जांच रिपोर्ट आने के बाद सात माह की गर्भवती प्रियंका को सिंधी कैंप स्थित हंसराज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि राजेश को जिला अस्पताल के वार्ड क्रमांक 6 में भर्ती किया गया। राजेश की हालत में कोई सुधार नहीं होता देख परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर 31 अक्टूबर को पुष्पांजलि अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां उनकी हालत बेहद गंभीर बनी रही और प्लेटलेट्स गिरकर महज 27 हजार तक पहुंच गईं। डॉक्टरों के प्रयास और एक नवंबर को प्लेटलेट्स चढ़ाने के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उन्हें रीवा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

स्वास्थ्य विभाग की नींद टूटी, इलाके में शुरू हुआ दवा का छिड़काव

युवक की मौत की सूचना मिलते ही स्थानीय स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। मलेरिया विभाग की टीम ने तत्काल मृतक के घर और उसके आसपास के पूरे क्षेत्र में लार्वा नष्ट करने वाली दवाइयों का छिड़काव शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें परिवार की केस हिस्ट्री के साथ-साथ पूरे इलाके में संक्रमण की स्थिति का बारीकी से जायजा ले रही हैं। हालांकि, इस मौत के पीछे के आधिकारिक चिकित्सकीय कारणों की अंतिम पुष्टि स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।