दमोह, राजेन्द्र तिवारी। बटियागढ़-बकस्वाहा मार्ग पर स्थित नीमन तिराहे के पास मंगलवार को आलू से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक और परिचालक घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 एवं बटियागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए बटियागढ़ अस्पताल भेजा।
ट्रक पलटने से उसमें भरे आलू सड़क किनारे और आसपास बिखर गए। घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आलू बटोरते नजर आए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आलू से भरा ट्रक आगरा से जबलपुर जा रहा था। इसी दौरान बटियागढ़ थाना क्षेत्र के नीमन तिराहे पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक पलट गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

