ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। छपरौला के पास दादरी से गाजियाबाद की ओर जा रहा सरिया से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक में लदी भारी-भरकम सरिया केबिन को चीरते हुए आर-पार निकल गई, जिससे चालक गंभीर रूप से फंस गया। पुलिस और राहत टीम ने चालक को निकालने के लिए करीब दो घंटे से अधिक समय तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस के अनुसार हादसा मंगलवार को हुआ। ट्रक में करीब 10 टन सरिया लदा हुआ था और वह दादरी से गाजियाबाद की ओर जा रहा था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को चलते समय नींद की झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार ट्रक पहले सड़क किनारे लगे बिजली के पोल और ट्रांसफॉर्मर से टकराया, इसके बाद नाले को पार करते हुए पलट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना बादलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। ट्रक के अंदर चालक आमिर (28) निवासी ग्राम जेहरा, थाना कोतवाली देहात, बुलंदशहर बुरी तरह फंस गया था। ट्रक में लदी सरिया केबिन में घुस जाने के कारण उसे बाहर निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिस ने हाइड्रा, क्रेन और गैस कटर की मदद ली। सबसे पहले ट्रक पर लदी सरिया को हटाया गया, उसके बाद केबिन को काटकर चालक तक पहुंचने की कोशिश की गई।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ लेकिन पुलिस ने मौके पर ट्रैफिक को सुचारु रूप से संचालित कराया और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने के बाद मार्ग को पूरी तरह साफ कर दिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को नींद आना मानी जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




