अल अमीरात। पाकिस्तान ने हमजा जहूर की नाबाद शतकीय पारी के दम पर भारत के खिलाफ 'अंडर-19 एशिया कप 2026' के आठवें मुकाबले को 3 विकेट से अपने नाम किया।
'ग्रुप-ए' में 1 जीत और 1 हार के साथ भारतीय टीम दूसरे पायदान पर है, जबकि पाकिस्तान ने शुरुआती दोनों मैच जीतकर शीर्ष स्थान अपने नाम कर लिया है। वहीं, यूएई के खिलाफ हार के बाद नेपाल अगले दौर की रेस से बाहर हो गया है। अब भारतीय टीम 10 नवंबर को यूएई के खिलाफ जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश करना चाहेगी।
रविवार को ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड (मंत्रालय टर्फ 2) में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 46.3 ओवरों में 208 रन पर सिमट गई। भारत को मुकाबले की दूसरी गेंद पर कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (0) के रूप में बड़ा झटका लगा। उस समय तक टीम का खाता तक नहीं खुला था।
इसके बाद आर्यवीर सहवाग ने वीके विनीत के साथ दूसरे विकेट के लिए 21 रन की साझेदारी की, लेकिन महज 22 के स्कोर तक भारत को तीन झटके लग गए।
यहां से अर्जुन राजपूत ने मोर्चा संभाला। उन्होंने आर्यवीर सहवाग (22) के साथ चौथे विकेट के लिए 20 रन, जबकि अन्वय द्रविड़ (10) के साथ 44 रन की साझेदारी की, लेकिन 86 के स्कोर तक भारत की आधी पारी समाप्त हो चुकी थी।
अर्जुन राजपूत ने मनल चौहान (11) के साथ छठे विकेट के लिए 55 गेंदों में 64 रन की साझेदारी करते हुए भारत को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। अर्जुन 85 गेंदों में 5 छक्कों और 11 चौकों के साथ 107 रन बनाकर आउट हुए, जबकि काव्य पटेल ने 23 रन का योगदान दिया। पाकिस्तानी खेमे से अली रजा, रिजवानुल्लाह और नकाब शफीक ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि 1 विकेट मोहम्मद सय्याम के नाम पर रहा।
इसके जवाब में पाकिस्तान ने 48.1 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। पाकिस्तानी टीम ने 61 रन तक अपने 5 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद हमजा जहूर ने हसनैन अब्बास डार के साथ छठे विकेट के लिए 107 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 168 के स्कोर तक पहुंचा दिया।
इस टीम को 183 के स्कोर पर हसैनन (38) के रूप में सातवां झटका लगा। यहां से भारत के पास जीत का शानदार मौका था, लेकिन जहूर ने नकाब शफीक (नाबाद 2) के साथ 26 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई। जहूर 108 गेंदों में 3 छक्कों और 10 चौकों के साथ 100 रन बनाकर नाबाद रहे।
भारत की तरफ से मनल चौहान ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि मोहित उल्वा को 2 सफलताएं हाथ लगीं। इनके अलावा, ईशान सूद और काव्य पटेल ने 1-1 विकेट चटकाया।
रविवार को खेले गए एक अन्य मैच में यूएई ने नेपाल के खिलाफ 7 विकेट से जीत दर्ज की। नसीम खान ने 42 रन देकर 5 विकेट हासिल किए, जिसके चलते नेपाली टीम 41 ओवरों में सिर्फ 152 रन पर ढेर हो गई। इसके जवाब में यूएई ने 34.4 ओवरों में जीत हासिल कर ली। इस पारी में कप्तान अयान मिस्बाह ने नाबाद 75 रन बनाए।
















