सतना। मध्य प्रदेश के सतना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित खजुरी टोला में संचालित एक स्पा सेंटर में शुक्रवार देर रात उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब वहां काम करने वाली युवतियों ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। युवतियों ने स्पा सेंटर के संचालक और मैनेजर पर अभद्र व्यवहार, मानसिक प्रताड़ना तथा उन्हें अंदर बंद रखने का आरोप लगाया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि स्पा सेंटर के अंदर युवतियां मौजूद थीं, जबकि बाहर निकलने वाले चैनल गेट पर ताला लगा हुआ था। युवतियों ने पुलिस को बताया कि गेट की चाबी मैनेजर के पास है। काफी प्रयास के बाद भी गेट नहीं खुला तो पुलिस ने ताला तुड़वाकर सभी युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पूछताछ में युवतियों ने बताया कि वे असम की रहने वाली हैं और इसी स्पा सेंटर में कार्यरत हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने स्पा सेंटर के संचालक और मैनेजर को भी मौके पर बुलाया तथा सभी पक्षों से अलग-अलग पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
युवतियों ने संचालक और मैनेजर पर अभद्र व्यवहार एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए, लेकिन किसी भी पक्ष ने पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी। इसके चलते पुलिस ने सभी को समझाइश देकर मामला शांत करा दिया। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। हालांकि पुलिस ने सभी पक्षों को भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बनने की हिदायत दी है।




