सागर/बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। चलती ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए बीना जीआरपी पुलिस ने आरपीएफ के सहयोग से एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 36 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि 12 अगस्त को फरियादी गणेश सिंह कर्नाटक एक्सप्रेस से आगरा से भोपाल की यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाश ने उनका ट्रॉली बैग चोरी कर लिया था। बैग में एप्पल कंपनी का आईपैड और नकदी सहित करीब 50 हजार रुपये का सामान रखा था। मामले में भोपाल जीआरपी ने एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए डायरी बीना जीआरपी को भेजी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बीबीएस परिहार के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नितिन यादव निवासी राजपूत कॉलोनी, जिला विदिशा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से अलग-अलग कंपनियों के 36 मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी कीमत 7 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर बदमाश है और उसके खिलाफ विदिशा जिले के थानों में करीब एक दर्जन अपराध पंजीबद्ध हैं। पुलिस आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में एएसआई मूलचंद, आरक्षक सचिन श्रीवास्तव, सतपाल सिकरवार, जितेंद्र सिंह और सौरभ श्रीवास्तव के अलावा आरपीएफ पोस्ट बीना से निरीक्षक कमल सिंह, सब इंस्पेक्टर धर्मेंद्र राजपूत, प्रधान आरक्षक रामराज, आरक्षक मनजीत एवं आरक्षक जयप्रकाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



