उमरिया,तापिस गुप्ता। उमरिया जिले में इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरटीओ कर्मचारी वाहन चेकिंग करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक व्यक्ति कर्मचारियों पर ही नियम उल्लंघन के आरोप लगाते हुए बहस करता दिख रहा है। अब इस पूरे मामले पर परिवहन विभाग की सफाई सामने आई है।


वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति आरटीओ कर्मचारियों से सवाल-जवाब कर रहा है। व्यक्ति का आरोप है कि जिस वाहन से चेकिंग की जा रही है, उसके पास टैक्सी परमिट नहीं है। वह कर्मचारियों से पहले अपनी गाड़ी का चालान करने की बात भी कहता नजर आता है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद जिला परिवहन अधिकारी रमा दुबे ने सामने आकर स्थिति स्पष्ट की।


बाइट (रमा दुबे, जिला परिवहन अधिकारी):
जिला परिवहन अधिकारी ने वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने जानकारी दी कि परिवहन आयुक्त के निर्देशानुसार 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत विभागीय कर्मचारी विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच कर रहे हैं।


उन्होंने बताया कि जिस वाहन को लेकर विवाद हुआ, वह विभागीय कार्य के लिए अस्थायी रूप से उपयोग में लिया गया था। विभाग की आधिकारिक गाड़ी में तकनीकी खराबी आने के कारण कर्मचारियों को दूसरे वाहन से मौके पर पहुंचना पड़ा।


वहीं वाहन के अंदर रखी प्लेट को लेकर उठे सवालों पर अधिकारी ने कहा कि यह केवल पहचान के लिए रखी गई थी, ताकि लोगों को स्पष्ट हो सके कि यह परिवहन विभाग की कार्रवाई है। परिवहन विभाग ने साफ किया है कि पूरा चेकिंग अभियान नियमों के तहत और पारदर्शिता के साथ संचालित किया जा रहा है। साथ ही आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने की अपील की गई है।