मुंबई। अविनाश मिश्रा की 'खतरों के खिलाड़ी 15' की सक्सेस पार्टी में 'बिग बॉस-18' के कई कंटेस्टेंट नजर आए लेकिन इस दौरान अभिनेता विवियन डीसेना नहीं दिखे। उनकी गैरमौजूदगी में फैंस ने सवाल उठाए और पूछा कि क्या वह मुंबई में नहीं हैं। मंगलवार को अभिनेता ने बताया कि वह क्यों पार्टी में शामिल नहीं हो पाए।
अभिनेता विवियन डीसेना ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि वह मुंबई में ही हैं लेकिन तबीयत खराब होने की वजह से अविनाश की सक्सेस पार्टी में शामिल नहीं हो पाए थे।
उन्होंने लिखा, "मैं कल से आप सभी के मैसेज देख रहा हूं, जिनमें आपने मुझसे पूछा कि मैं अविनाश की पार्टी में क्यों नहीं गया था और क्या मैं मुंबई में नहीं हूं। दरअसल, मैं मुंबई में ही था लेकिन स्वास्थ ठीक न होने की वजह से बाहर जाने या लोगों से मिलने-जुलने की हालत नहीं थी।"
अभिनेता ने अपने फैंस को ठीक होने का आश्वासन दिया। उन्होंने लिखा, "अविनाश की सक्सेस पार्टी में जाने का बहुत मन था लेकिन अच्छा महसूस न होने की वजह से नहीं जा सका। हालांकि, स्वास्थ्य जल्दी ठीक हो जाएगा। कुछ मुलाकातें लंबे समय से बाकी हैं और उनका होना बेहद जरूरी है। उन सभी लोगों का धन्यवाद, जिन्होंने मुझसे संपर्क किया और मेरी चिंता की, यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है।"
अभिनेता विवियन डीसेना ने अविनाश को खतरों के खिलाड़ी का विनर बनने पर बधाई दी। उन्होंने लिखा, "अब जब मैंने यह स्पष्ट कर दिया है, तो चलिए सभी सवालों को छोड़कर अविनाश और उनकी जीत का जश्न मनाते हैं। बधाई हो, अविनाश। मैं तुम्हारे लिए बहुत खुश और गर्वित हूं। तुम्हें ऐसे और भी कई सारे शानदार पल मिलने की शुभकामनाएं।"
बता दें कि 'खतरों के खिलाड़ी-15' के विजेता की ट्रॉफी अभिनेता अविनाश मिश्रा ने अपने नाम की। इस खुशी के मौके पर अभिनेता ने सोमवार को मुंबई में सक्सेस पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें 'बिग बॉस 18' की टीम और 'खतरों के खिलाड़ी-15' के कई सह-प्रतिभागी समेत इंडस्ट्री के कई सेलेब्स शामिल हुए थे।














