भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा भवन में दो दिवसीय ‘संसद यूथ पार्लियामेंट 2026’ (Sansad Youth Parliament 2.0) का राष्ट्रीय कार्यक्रम बुधवार को शुरू हुआ। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने किया। इस महत्वपूर्ण मंच पर 12 राज्यों के 50 से अधिक युवा प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम में युवाओं ने खुले दिल से अपने विचार रखे।
वृंदावन (उत्तर प्रदेश) से आई एक युवती ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विशेष सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) लागू करने का उनका कदम ऐतिहासिक और दूरदर्शी है। उन्होंने कहा कि इससे समानता और सामाजिक न्याय को बल मिलेगा।वहीं कश्मीर से आए एक युवक ने मुख्यमंत्री की युवा-केंद्रित नीतियों की प्रशंसा करते हुए बताया कि डॉ. मोहन यादव प्रदेश के युवाओं को उद्यमी बना रहे हैं। उनके प्रयासों से युवा अब नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बन रहे हैं। यह बदलाव प्रदेश के भविष्य को सशक्त बना रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की उपस्थिति में आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने, संसदीय परंपराओं को समझने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाने का सशक्त माध्यम साबित हो रहा है। पूरे कार्यक्रम में सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति का माहौल रहा।यह आयोजन मध्य प्रदेश को युवा सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।




