बकस्वाहा। बकस्वाहा क्षेत्र के बीरगढ़ और कुही गांवों में इन दिनों भीषण जल संकट बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए करीब एक किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सिर पर मटके और साइकिल के सहारे पानी ढोने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में पानी की टंकी और नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन तो बिछाई गई थी, लेकिन पाइप टूटने के कारण पिछले चार महीनों से नलों में पानी नहीं आ रहा है। कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
गांव की 10 वर्षीय नम्रता प्रजापति ने कलेक्टर से भावुक अपील करते हुए कहा कि पानी की कमी के कारण छात्राओं को पढ़ाई छोड़कर पानी भरने जाना पड़ रहा है। वहीं ग्रामीण जितेंद्र नामदेव ने बताया कि हर महीने पानी का बिल आ रहा है, लेकिन सप्लाई नहीं हो रही, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
मामले में तहसीलदार भरत पांडे ने बताया कि जल निगम के ब्लॉक प्रभारी को नोटिस जारी कर दिया गया है और ठेकेदार को जल्द पाइपलाइन सुधारकर जल आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि समय पर काम नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन की कार्रवाई के बाद जल्द ही उन्हें पानी की समस्या से राहत मिलेगी।

