छतरपुर, विनोद मिश्रा। छतरपुर जिले के गोयरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंगारपुर में अवैध बालू परिवहन और रास्ते की वसूली को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत से बालू से भरे ट्रकों को निकालने और प्रति ट्रक मिलने वाली रकम को लेकर हुए विवाद में 23 वर्षीय युवक अर्जुन उर्फ राजन यादव पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया गया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के बाद लहूलुहान युवक को स्थानीय अस्पताल से छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां वह ट्रामा वार्ड में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। घायल के सिर में एक दर्जन से अधिक टांके आए हैं।
अस्पताल में भर्ती राजन यादव और उसकी भाभी लीला यादव के अनुसार, गांव के कुछ लोग सरकारी जमीन से रेत का अवैध उत्खनन कर ट्रकों से परिवहन करते हैं। ये ट्रक उनके खेत के रास्ते से होकर गुजरते थे, जिसके एवज में उन्हें प्रति ट्रक 100 रुपये दिए जाते थे। रोजाना 20 से 30 ट्रक निकलने से 2 से 3 हजार रुपये मिलते थे। पीड़ित का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से दबंगों ने पैसे देना बंद कर दिया। जब राजन ने अपने खेत से ट्रक निकालने से साफ मना कर दिया, तो कल्लू अनुरागी, दीपक अनुरागी, सुरेश अनुरागी और रामदास अनुरागी ने घर के सामने बैठे राजन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
गोयरा थाना प्रभारी पर प्रति ट्रक 1 हजार रुपये की अवैध वसूली का आरोप
इस पूरे मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब घायल राजन यादव ने गोयरा थाना प्रभारी राजेंद्र जाटव पर अवैध बालू के सिंडिकेट से सांठगांठ का सीधा आरोप लगाया। राजन का दावा है कि क्षेत्र से रोजाना 80 से 100 बालू के ट्रक निकलते हैं और थाना प्रभारी प्रति ट्रक 1,000 रुपये वसूलते हैं। पीड़ित का आरोप है कि टीआई ने ही आरोपियों से कहा था कि वे खेत वाले को पैसे न देकर सीधे थाने में रकम पहुंचाएं, जिसके चलते विवाद बढ़ा और पुलिस की शह पर आरोपियों ने हमला किया।
थाने में 4 नामजद आरोपियों पर BNS की धाराओं में FIR दर्ज
गोयरा थाने में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों—सुरेश अनुरागी, कल्लू अनुरागी, दीपक अनुरागी और रामदास अनुरागी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(2) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। हालांकि, घायल पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने जानलेवा हमले के बावजूद धाराओं को कमजोर रखा है और आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़ित पहुंचा एसपी दफ्तर, एसपी बोले— निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई होगी
न्याय की गुहार लेकर पीड़ित पक्ष ने छतरपुर एसपी रजत सकलेचा के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। लीला यादव ने आरोप लगाया कि उनके परिवार के तीन सदस्य पहले से जेल में हैं और उन्हें लगातार झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रजत सकलेचा ने तत्काल निष्पक्ष वैधानिक कार्रवाई और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस पर लगे अवैध वसूली के आरोपों की भी विधिवत जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
टीआई ने आरोपों को नकारा, खनिज विभाग करेगा जांच
- गोयरा टीआई राजेंद्र जाटव: थाना प्रभारी ने वसूली के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि दोनों पक्षों के विरुद्ध मारपीट का क्रास केस दर्ज किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने पर आवश्यकतानुसार धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
- खनिज अधिकारी अशोक राय: जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि सिंगारपुर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनन व परिवहन की शिकायत पर टीम भेजकर जांच कराई जाएगी और अवैध गतिविधि मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।














