मुंबई। रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान बना रही है। फिल्म के पहले पार्ट ने सिनेमाघरों में एक महीने तक राज किया था।
'धुरंधर-2' को जो प्यार मिल रहा है, उसे देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि फिल्म कलेक्शन के मामले में फिल्म के पहले पार्ट का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। रिलीज के साथ ही फिल्म को लेकर कई जानकारी सामने आ रही है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि फिल्म में एक सीन को शूट करते वक्त अर्जुन रामपाल और अक्षय खन्ना फूट-फूट कर रोए थे।
'धुरंधर' में अर्जुन रामपाल ने मेजर इकबाल का रोल प्ले किया है, जो आईएसआई में भारत के खिलाफ अभियान की अहम कड़ी हैं। जबकि अक्षय खन्ना ल्यारी के डॉन बने थे। फिल्म में मुंबई 26/11 के हमले का एक सीन फिल्माया गया है, जिसमें रहमान डकैत और मेजर इकबाल खुशी से झूम उठते हैं और रणवीर सिंह अपने भावनाओं को काबू में रखते हुए तालियां बजाते हैं।
इस सीन को फिल्माने के तुरंत बाद असल में अर्जुन रामपाल और अक्षय खन्ना दोनों भावुक होकर रोने लगे थे क्योंकि उन्होंने खुद उस दुख को महसूस किया था। फिल्म की डिमांड के हिसाब से पाकिस्तानी किरदार निभाना अभिनेताओं के लिए उतना भी आसान नहीं था, जितना पर्दे पर दिखाया गया।
इस बात का खुलासा खुद फिल्म में अजय सान्याल का किरदार निभा रहे आर. माधवन ने किया था। उन्होंने बताया कि सीन के कट होते ही सेट पर माहौल काफी मायूसी वाला हो गया और होना भी चाहिए क्योंकि हम भारतीय हैं और हम सभी किसी न किसी तरह से उससे जुड़े हैं। इस इंटरव्यू की छोटी-छोटी क्लिप्स को भी सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।
'धुरंधर' को बनाना मेकर्स के लिए भी आसान नहीं था। आदित्य धर को फिल्म की रिसर्च के लिए ही दो साल लगे थे, और रिसर्च के साथ फिल्म का बजट भी बढ़ गया था। ऐसे में फिल्म के लिए निवेशक मिलने में मुश्किल हो रहे थे, लेकिन 3 सालों की कड़ी मेहनत के बाद फिल्म को पर्दे पर उतारा गया। इस फिल्म ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता, बल्कि हिंदी सिनेमा में फिल्ममेकिंग के नए आयाम भी खोल दिए।
जब 26/11 हमले का जश्न मनाते-मनाते फूट-फूटकर रोए थे धुरंधर के दो बड़े एक्टर्स, माहौल हो गया था गमगीन

Anubhav Mishra
12 मई 2026, 06:27 pm IST
Anubhav Mishra12 मई 2026, 06:27 pm IST
