इंदौर, रविकांत वर्मा। गांधी नगर थाना क्षेत्र के जम्बुड़ी इलाके में पारिवारिक विवाद और घरेलू हिंसा के चलते पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एयरपोर्ट पर विमानों में फ्यूलिंग का काम करने वाले 45 वर्षीय संतोष पिता रामचंद्र डावर की उसकी पत्नी सुरज बाई ने कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार संतोष शराब पीने का आदी था और आए दिन पत्नी व चार बेटियों के साथ मारपीट करता था। बताया जा रहा है कि घटना से पहले भी संतोष शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से विवाद किया। विवाद के दौरान उसने पत्नी और बच्चों को रात में जान से मारने की धमकी दी थी। पति की धमकी और लगातार होने वाली मारपीट से भयभीत पत्नी ने देर रात उस समय वारदात को अंजाम दिया, जब संतोष सो रहा था।
पुलिस के मुताबिक सुरज बाई ने सो रहे संतोष के सिर पर किसी भारी एवं वजनदार वस्तु से हमला किया। इसके बाद कथित रूप से उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी सुरज बाई को हिरासत में ले लिया है। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मृतक संतोष अपने पीछे पत्नी और चार बेटियां छोड़ गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












