नीमच। नीमच जिले में नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में आयोजित रघुवंशी नायक समाज की बैठक उस समय हंगामे में बदल गई, जब एक युवती ने समाज अध्यक्ष सरदार सिंह नायक पर गंभीर आरोप लगाते हुए सबके सामने उनकी कॉलर पकड़ ली और थप्पड़ जड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को मंदिर परिसर में समाज की मासिक बैठक चल रही थी, जिसमें पंच-पटेल और समाज के कई लोग मौजूद थे। इसी दौरान एक युवती अचानक बैठक में पहुंची और समाज अध्यक्ष पर उसके चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाते हुए भड़क गई। देखते ही देखते युवती ने अध्यक्ष की कॉलर पकड़ ली और गुस्से में थप्पड़ मारने लगी।
बताया जा रहा है कि युवती अपने साथ एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी लेकर पहुंची थी, जिसमें अध्यक्ष द्वारा उसके बारे में अभद्र बातें किए जाने का दावा किया जा रहा है। युवती का कहना है कि समाज में उसकी छवि खराब करने की कोशिश की गई, जिससे वह आक्रोशित हो गई। घटना के दौरान वहां मौजूद लोग कुछ देर तक तमाशबीन बने रहे, बाद में समाज के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसी बीच किसी ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद समाज अध्यक्ष सरदार सिंह नायक अपने समर्थकों के साथ नीमच सिटी थाने पहुंचे और युवती के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। अध्यक्ष का आरोप है कि युवती ने बैठक में घुसकर अभद्रता और मारपीट की तथा झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। वहीं नीमच सिटी थाना प्रभारी पुष्पा चौहान ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर जांच कर रही है, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




